जैसलमेर में आग का गोला बनकर गिरा भारतीय वायु सेना का तेजस एयरक्राफ्ट

पायलट ने कूदकर बचाई जान

जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना के एयरक्राफ्ट तेजस के साथ एक बड़ा हादसा हो गया. भारत शक्ति अभ्यास के दौरान ये एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया. एलसीए तेजस आज एक ऑपरेशनल ट्रेनिंग उड़ान में हिस्सा लेने के लिए पहुंचा था. हालांकि पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया. फिलहाल दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है.
ये हादसा ऐसे वक्त पर हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत शक्ति युद्धाभ्यास देखने के लिए पोखरण फायरिंग रेंज में पहुंचे. वायुसेना की ओर से बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी गई. वायुसेना ने कहा, भारतीय वायुसेना का एक तेजस विमान आज जैसलमेर में ऑपरेशनल ट्रेनिंग उड़ान के दौरान क्रैश हो गया. पायलट सुरक्षित तरीके से बाहर निकल गए. दुर्घटना की वजह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
ये घटना जैसलमेर की जवाहर कॉलोनी के पास हुई. तेजस आग का गोला बनकर घनी आबादी वाले इलाके में जा गिरा. साथ ही एक हॉस्टल की दीवार से भी टकराया. गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं पहुंची. आनन फानन में फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, तब जाकर कहीं आग पर काबू पाया गया. इससे पहले इलाके में धुएं का गुबार देखा गया. हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.
००

Comments are closed.