धार में काल बना ओवरलोड पिकअप: छह मासूमों समेत 16 की मौत, 50 मजदूरों की चीखों से दहला हाईवे
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
भोपाल : इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। धार जिले के चिकलिया फाटा के पास 50 मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 बच्चों समेत 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं।
सभी मजदूर सेमलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर के थे। वे लेबड़ में चुकंदर की फसल काटकर घर लौट रहे थे। पिकअप 100 किमी/घंटा की रफ्तार में थी और रॉन्ग साइड जाकर स्कॉर्पियो से टकरा गई। प्राथमिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है
यह हादसा रात करीब 8:30 बजे तब हुआ जब 50 मजदूरों से भरी ओवरलोड पिकअप का टायर फट गया। पिकअप 3-4 पलटी खाकर रॉन्ग साइड में घुसी और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई। पिकअप करीब 100 किमी/घंटा की रफ्तार में थी।
मरने वालों में 5 बच्चे, 8 महिलाएं और 3 युवतियां शामिल हैं।
मजदूर लौट रहे थे घर
सभी मजदूर सेमलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर गांवों के थे। वे लेबड़ इलाके में चुकंदर की फसल कटाई करके एक ही पिकअप में सवार होकर घर लौट रहे थे।
अस्पताल में अफरा-तफरी
10 से ज्यादा एंबुलेंस से घायलों को धार जिला अस्पताल लाया गया। स्ट्रेचर कम पड़ गए तो कई मजदूरों का इलाज जमीन पर करना पड़ा। गंभीर घायलों का जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मध्य प्रदेश के धार में हुए हादसे में हुई जानमाल की हानि की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार की सहायता का ऐलान किया।