नेपाल एयरलाइंस की बड़ी चूक: नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का भाग दिखाने पर भारत से मांगी माफी

तकनीकी त्रुटि बताई वजह : सभी उड़ानों से हटेगा नक्शा

0

काठमांडू : नेपाल की सरकारी विमान सेवा नेपाल एयरलाइंस को भारत के नक्शे को गलत तरीके से दिखाने पर माफी मांगनी पड़ी है। इस मामले में भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
दरअसल नेपाल एयरलाइंस के स्क्रीन पर जो नक्शा दिखाया जा रहा था, उसमें जम्मू-कश्मीर के एक हिस्से को पाकिस्तान का भाग बताया गया था। इस गलती का पता चलते ही विमान में सवार भारतीय यात्रियों ने विरोध जताया और चालक दल को इसकी जानकारी दी।
मामले के तूल पकड़ने के बाद भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नेपाल सरकार से इस पर आपत्ति जताई। भारत ने कहा कि यह भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से जुड़ा मामला है। ऐसी गलती स्वीकार नहीं की जा सकती।
नेपाल एयरलाइंस प्रबंधन ने आधिकारिक बयान जारी कर इस गलती के लिए खेद जताया। एयरलाइंस ने कहा कि यह तकनीकी त्रुटि के कारण हुआ है। नक्शे की आपूर्ति करने वाली विदेशी कंपनी से पुराना डाटा मिलने के कारण यह चूक हुई। नेपाल एयरलाइंस ने भरोसा दिलाया कि तुरंत सभी विमानों से गलत नक्शा हटाकर नया और सही नक्शा लगाया जा रहा है।
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी इस घटना को गंभीर माना है। प्राधिकरण ने नेपाल एयरलाइंस को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नक्शा आपूर्ति करने वाली कंपनी से जवाब मांगा गया है।
नेपाल एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि नेपाल भारत की संप्रभुता का पूरा सम्मान करता है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इस पर नेपाल का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है। एयरलाइंस ने भारत सरकार और भारतीय नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचने के लिए माफी मांगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.