गुवाहाटी : असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली. आतंकी संगठन ISIS के इंडिया चीफ हारिश फारुकी को पुलिस ने धुबरी से गिरफ्तार कर लिया है. हारिश फारुकी के साथ पुलिस ने उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सहयोगी का नाम रेहान बताया गया है. एसटीएफ सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि आईएसआईएस के दो सदस्य बांग्लादेश की सीमा से भारत में प्रवेश कर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं.
पुलिस महानिरीक्षक पार्थसारथी महंत के नेतृत्व में एसटीएफ की एक टीम मंगलवार शाम को ही दोनों को गिरफ्तार करने के लिए निकली थी. टीम को विश्वसनीय जानकारी मिली थी. जानकारी के आधार पर भारत और बांग्लादेश के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब के क्षेत्र में तलाश शुरू की गई. टीम ने सीमा पार करने के बाद धुबरी के धर्मशाला इलाके में सुबह-सुबह आतंकवादियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार आतंकी ने भारत के कई स्थानों पर आंतकी फंडिंग और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए साजिशें की थी. वो भारत में आईएसआईएस के जाल को फैलाना चाहता था. पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसके खिलाफ एनआईए, दिल्ली, एटीएस और लखनऊ सहित अन्य स्थानों पर कई मामले लंबित हैं.
Comments are closed.