जगदलपुर बस्तर में नक्सलियों से लोहा लेने स्थानीय तौर पर युवाओं की पुलिस में भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। बस्तर संभाग के 07 जिलों में 2800 जवानों की भर्ती की जाएगी और इसके लिए गृह मंत्रालय ने मंजूरी भी दे दी है। बस्तर जिले के 07 जिलों में से हर एक जिले में 400 पुलिस जवानों की भर्ती की जाएगी। इसमें स्थानीय युवक-युवतियों को प्राथमिकता दी जाएगी, प्रदेश सरकार ने बस्तर फाइटर्स के गठन का निर्णय लिया है। बस्तर के नक्सल उन्मूलन अभियान में डीआरजी और बस्तर बटालियन को मिल रही सफलता को देखते हुए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जल्द ही भर्ती प्रक्रिया बस्तर में शुरू होने वाली है। जानकारी के मुताबिक गृह मंत्रालय से जिस बस्तर फाइटर्स पद के लिए स्वीकृति मिली है, उसमें आरक्षक से लेकर डीएसपी रैंक तक के पद स्वीकृत किए गए हैं। इसमें आरक्षक पद के लिए 300, प्रधान आरक्षक के लिए 75, सहायक उपनिरीक्षक के लिए 11, उप निरीक्षक के लिए 08 वहीं निरीक्षक के लिए 05 और उप पुलिस अधीक्षक के 01 पद शामिल हैं। इतना ही नहीं भर्तियां हर जिले यानी बस्तर, बीजापुर, कांकेर ,कोंडागांव ,नारायणपुर और सुकमा और दंतेवाड़ा जिले में होगी।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर संभाग में 2800 जवानों की भर्ती की जाएगी। इसमें भर्ती होने वाले जवानों को बस्तर फाइटर्स कहा जायेगा। बस्तर संभाग के सातों जिलों से 400-400 जवानों की भर्ती होगी। आईजी ने बताया कि फिलहाल इसकी भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी शासन से नहीं मिली है, लेकिन ऐसा प्रस्ताव में है कि ऊंचाई में रियायत के साथ स्थानीय भाषा-बोली वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
राकेश पांडे
Comments are closed.